निर्दलीय प्रत्याशियों के नाम वापसी से बदला चुनावी समीकरण, भाजपा-कांग्रेस के बीच सीधी टक्कर
धरमजयगढ़ नगर पंचायत चुनाव में निर्दलीय प्रत्याशियों ने भाजपा और कांग्रेस के समीकरण को प्रभावित कर रखा था। नाम वापसी की अंतिम तिथि पर दो निर्दलीय प्रत्याशियों ने अपने नाम वापस ले लिए हैं। वार्ड क्रमांक 12 से एक निर्दलीय प्रत्याशी ने चुनाव से हटने का फैसला किया, वहीं बंग समाज से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल करने वाले रविंद्र राय ने भी अंतिम समय में अपना नाम वापस ले लिया।
रविंद्र राय के चुनाव न लड़ने से भाजपा को सीधा फायदा मिलने की संभावना है, क्योंकि पार्टी ने बंग समाज से ही अपना प्रत्याशी उतारा है। नगर पंचायत क्षेत्र में बंग समाज के करीब 2200 मतदाता हैं, जिनका 90% वोट परंपरागत रूप से भाजपा को जाता रहा है। यदि रविंद्र राय निर्दलीय चुनाव लड़ते, तो भाजपा को बड़ा नुकसान होता और कांग्रेस को इसका लाभ मिल सकता था। अब उनके नाम वापसी से भाजपा प्रत्याशी अनिल सरकार को मजबूती मिलने की संभावना है।
नगर पंचायत चुनाव का समीकरण
नगर पंचायत चुनाव में अध्यक्ष पद के लिए भाजपा से अनिल सरकार और कांग्रेस से राजीव अग्रवाल के बीच कड़ा मुकाबला है।
- वार्ड क्रमांक 1: भाजपा की मीतु भद्र, कांग्रेस की गीता सरकार और निर्दलीय शीला राय मैदान में हैं। यहां भाजपा को कांग्रेस से अधिक निर्दलीय से चुनौती मिल रही है।
- वार्ड क्रमांक 2: भाजपा से रीमा अधिकारी, कांग्रेस से सुदिप्ता सरकार और निर्दलीय प्रिया मलांगी के बीच मुकाबला है। यहां भी मुख्य टक्कर भाजपा और निर्दलीय प्रत्याशी के बीच मानी जा रही है।
- वार्ड क्रमांक 3: भाजपा की माधो बाई राठिया और कांग्रेस की जय किरण राठिया के बीच सीधा मुकाबला है। बंग समाज के समर्थन से भाजपा को लाभ मिलने की संभावना है।
- वार्ड क्रमांक 4: भाजपा से किसान मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष टीकाराम पटेल और कांग्रेस से डॉ. अख्तरी खान आमने-सामने हैं। पिछले चुनाव में डॉ. अख्तरी खान को हार मिली थी, और इस बार भी पटेल समाज के अधिक मतदाता होने से भाजपा की स्थिति मजबूत दिख रही है।
- वार्ड क्रमांक 5: भाजपा की नीतु सिंह, कांग्रेस की मीनु अग्रवाल और निर्दलीय वंदना कटारिया चुनाव मैदान में हैं।
- वार्ड क्रमांक 6: भाजपा के टारजन भारती, कांग्रेस के रोहित बेहरा और निर्दलीय जयहरि सारथी एवं धनमती चौहान मैदान में हैं। यहां भाजपा और निर्दलीय के बीच कड़ा मुकाबला हो सकता है।
- वार्ड क्रमांक 7: भाजपा के चार बार के पार्षद विजय यादव और कांग्रेस के गौरव सोनी आमने-सामने हैं। अब देखना होगा कि विजय यादव का विजय रथ जारी रहता है या रुकता है।
- वार्ड क्रमांक 8: भाजपा के जानू सिदार और कांग्रेस के विनय प्रकाश मिंज आमने-सामने हैं। इस वार्ड में भाजपा अब तक जीत दर्ज नहीं कर पाई है।
- वार्ड क्रमांक 9: भाजपा के अभिषेक अर्चना एक्का और कांग्रेस की स्वर्णलता खलखो के बीच मुकाबला है।
- वार्ड क्रमांक 10: भाजपा से श्याम लाल साहू और कांग्रेस से हफिज उल्ला खान चुनाव लड़ रहे हैं। यहां निर्दलीय प्रत्याशी भी मैदान में हैं, जिससे भाजपा को नुकसान हो सकता है।
- वार्ड क्रमांक 11: भाजपा के जगन्नाथ यादव और कांग्रेस के भुवन यादव के बीच मुकाबला है। यह भाजपा का गढ़ माना जाता है, लेकिन पिछले चुनाव में गुटबाजी के कारण भाजपा मात्र 6 वोट से हार गई थी।
- वार्ड क्रमांक 12: इस चुनाव की हॉट सीट मानी जा रही है, जहां भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष गोकुल नारायण यादव और कांग्रेस के निवर्तमान पार्षद गगनदीप सिंह कोमल के बीच कड़ी टक्कर है। भाजपा में गुटबाजी का असर रहा, लेकिन यदि यह नहीं हुआ, तो गोकुल यादव की जीत सुनिश्चित मानी जा रही है।
- वार्ड क्रमांक 13: भाजपा के अजय राठिया और कांग्रेस के परमेश्वर राठिया के बीच सीधा मुकाबला है, लेकिन भाजपा की स्थिति मजबूत मानी जा रही है।
- वार्ड क्रमांक 14: भाजपा के नरेश राठिया और कांग्रेस के पुरुषोत्तम राठिया मैदान में हैं। यहां भी भाजपा की जीत की संभावना अधिक मानी जा रही है।
- वार्ड क्रमांक 15: इस ईसाई बाहुल्य वार्ड (चिकटवानी) में भाजपा से अगस्टीन एक्का और कांग्रेस से प्रिसिल्ला टोप्पो आमने-सामने हैं। यह वार्ड भाजपा का परंपरागत गढ़ माना जाता है, जहां वह पिछले 15 वर्षों से जीत दर्ज करती आ रही है।
नगर पंचायत चुनाव में निर्दलीय प्रत्याशियों के प्रभाव से कई वार्डों में भाजपा और कांग्रेस के समीकरण प्रभावित हो सकते हैं, लेकिन निर्दलीय प्रत्याशियों के नाम वापसी से भाजपा को कुछ वार्डों में बढ़त मिलने की संभावना जताई जा रही है।